मोहन शर्मा
दीपावली का पर्व अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है। ये हमें याद दिलाता है कि हर कठिन दौर के बाद एक नया सवेरा आता है। और यही भावना ‘मार्निंग न्यूज इंडिया’ की यात्रा का सार भी है। हमारे साथ अनगिनत साथी जुड़े हैं। हमारे पाठक, हमारे विज्ञापनदाता, हमारे संवाददाता और हमारे कर्मचारी। आज इस दीपावली के शुभ अवसर पर हम आप सबका हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। पाठकों ने हमें न केवल पढ़ा, बल्कि सुधारा, संवारा और आगे बढऩे की प्रेरणा दी। विज्ञापनदाताओं ने विश्वास बनाए रखा और हमारे सहयोगियों ने हर परिस्थिति में मेहनत और निष्ठा से काम किया। यही वो रोशनी है जिसने मार्निंग न्यूज को हर अंधेरे में दिशा दी। आज जब दीपावली का पर्व हम सबके द्वार पर है, तो इसका अर्थ सिर्फ दीये जलाना नहीं, बल्कि मन के अंधकार को मिटाना भी है। इस पर्व का असली संदेश है सकारात्मक सोच, सच्चा कर्म और संवेदनशील समाज। हम चाहते हैं कि आने वाला वर्ष देश, प्रदेश और समाज के लिए नई उम्मीदें लेकर आए। लोग एक-दूसरे की खुशियों में शामिल हों, और संवाद की रोशनी किसी कोने में मंद न पड़े।
मार्निंग न्यूज इंडिया परिवार अपने सभी पाठकों, विज्ञापनदाताओं और शुभचिंतकों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देता है। आपकी रोशनी ही हमारी ताकत है, और आपका विश्वास ही हमारी कलम की लौ।
आइए, इस दीपावली हम सब मिलकर न सिर्फ अपने घरों को, बल्कि अपने विचारों, अपने समाज और अपने देश को भी उजाले से भर दें।
होहिं सगुन सुभ बिबिधि बिधि बाजहिं गगन निसान। पुर नर नारि सनाथ करि भवन चले भगवान॥ (रामचरित मानस)