जयपुर। महाराष्ट्र के नगर निगम चुनाव 2026 में भाजपा गठबंधन की शानदार जीत पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने इसे पीएम नरेन्द्र मोदी की सकारात्मक राजनीति की जीत बताया है। शुक्रवार को जयपुर में पार्टी कार्यालय पर मीडिया से बातचीत में अरुण सिंह ने कहा कि हरियाणा, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में लगातार सफलता मिल रही है। जनता ने विकास, सुशासन और पारदर्शिता पर भरोसा जताया है। इसके विपरीत कांग्रेस केवल नकारात्मक राजनीति करती है और लोगों को भ्रमित करने का काम करती है, इसी कारण उसे लगातार हार का सामना करना पड़ रहा है। महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन ने बीएमसी में बहुमत हासिल कर ठाकरे परिवार के लंबे समय से चले आ रहे वर्चस्व को तोड़ा है।
कुछ लोग महत्वकांक्षी होते हैं
पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय के भाजपा छोड़कर कांग्रेस में वापस जाने पर अरुण सिंह ने कहा कि कुछ लोग महत्वाकांक्षी होते हैं। एक-दो लोगों के जाने से पार्टी पर कोई फर्क नहीं पड़ता। भाजपा करोड़ों कार्यकर्ताओं की पार्टी है। ऐसे नेताओं के जाने से संगठन कमजोर नहीं होता। पार्टी में नए लोग लगातार जुड़ रहे हैं, जिनकी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा ज्यादा है, वही पार्टी छोड़कर जा रहे हैं।
वीबी जी राम जी विकसित भारत के लक्ष्य के लिए जरूरी
अरुण सिंह ने नई विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) योजना पर कहा कि ये 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मनरेगा की कमियों को दूर करते हुए नया कानून बनाया गया है। रोजगार की गारंटी 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिनों की कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां भगवान राम का नाम आता है, कांग्रेस वहां विरोध करती है। इसी कारण कांग्रेस का कोई भविष्य नहीं है। राजस्थान का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि भजनलाल शर्मा सरकार में सुशासन है।
