-मनोहरलाल खट्टर, सीआर पाटील और जयन्त से मुलाकात
-मनरेगा में फार्म पॉण्ड में हो सकेगा टांका निर्माण कार्य
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार को दिल्ली में थे। उनका सारा दिन बहुत व्यस्तता में गुजरा। राज्य के विकास और केन्द्रीय योजनाओं के संबंध में उन्होंने कई केन्द्रीय मंत्रियों से मुलाकात की और विचार विमर्श किया।
इस बीच खबर ये भी है कि महात्मा गांधी नरेगा योजना के अंतर्गत फार्म पॉण्ड श्रेणी में टांका निर्माण के कार्य किए जा सकेंगे। इस संबंध में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के अनुरोध को केन्द्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वीकार किया है। मुख्यमंत्री ने गत माह केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री से मुलाकात कर निजी कृषि भूमि पर टांका निर्माण कार्य पूर्व की भांति जारी रखने का आग्रह किया था। शर्मा ने कहा कि रेगिस्तानी जिलों में टांका निर्माण जल सुरक्षा, कृषि विकास और जलवायु अनुकूल आजीविका के लिए अत्यन्त उपयोगी, सस्ता और टिकाऊ समाधान है। केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री ने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए कहा कि व्यक्तिगत लाभार्थियों के लिए फार्म पॉण्ड का निर्माण महात्मा गांधी नरेगा योजना के अंतर्गत अनुमत कार्य है। योजना से संबंधित दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करते हुए व्यक्तिगत लाभार्थियों के लिए टांका निर्माण कार्य को फार्म पॉण्ड श्रेणी के तहत किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे प्रदेश के ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।
स्किल हब बनाने के रोडमैप पर चर्चा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी के साथ भेंट हुई। मुलाकात में केंद्र सरकार के सहयोग से राजस्थान को स्किल डेवलपमेंट हब बनाने से जुड़े रोडमैप पर चर्चा हुई।
रामसेतु जल परियोजना की प्रगति पर चर्चा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच राजस्थान में स्वच्छ जल आपूर्ति, सिंचाई विस्तार, राम जल सेतु परियोजना की प्रगति एवं जल संचयन पर गहन चर्चा हुई। उन्होंने प्रदेश में चल रहे कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान की सफलता की सराहना की।
मेट्रो फेज-2 की स्वीकृति पर विचार-विमर्श
केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से सीएम भजनलाल शर्मा ने मुलाकात की। इस दौरान आयोजित बैठक में राजस्थान के सर्वांगीण विकास को लेकर रचनात्मक विचार-विमर्श किया। मेट्रो फेज-2 की स्वीकृति, विद्युत क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े मुद्दों तथा ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर के अंतर्गत प्रदेश में ट्रांसमिशन तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार पर सार्थक चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री शर्मा दिल्ली में, प्रदेश के विकास को लेकर केन्द्रीय मंत्रियों से चर्चा
