कांग्रेस ने संगठन सृजन अभियान के तहत बचे हुए पांच में से 4 जिलों में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की घोषणा कर दी है। सुनील शर्मा को जयपुर शहर जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है।
शर्मा पिछले लोकसभा चुनाव में जयपुर से कांग्रेस के कैंडिडेट थे, लेकिन उन्होंने टिकट लौटा दिया था।
पार्टी ने दिग्विजय सिंह पुरावत को प्रतापगढ़, वीरेंद्र सिंह गुर्जर को झालावाड़ और हंसराज मीणा को बारां जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है।
राजसमंद में जिलाध्यक्ष की घोषणा अब भी होना बाकी है। इससे पहले नवंबर में कांग्रेस ने 45 जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की थी। कांग्रेस संगठन के हिसाब से 50 जिले हैं।
अब तक 49 जिलों में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति हो चुकी है। राहुल गांधी के फॉर्मूले पर रायशुमारी करने के बाद जिलाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं।
डोटासरा, जूली के साथ पायलट भी पहुंचे
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बताया कि गुरुवार दिल्ली में हुई मीटिंग जिलाध्यक्षों की घोषणा के साथ अन्य कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने संगठन को लेकर विस्तार से फीडबैक लिया।
बैठक में संगठन निर्माण, संगठन की सक्रियता, एसआईआर और मनरेगा से जुड़े आंदोलन पर भी बात हुई।
इस मीटिंग में राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के साथ राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र सिंह, सचिन पायलट भी मौजूद थे।
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर रंधावा ने भी राजस्थान में संगठन को लेकर फीडबैक दिया।
