गहलोत के गृह जिले जोधपुर में हस्तशील्प उत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने साधा गहलोत सरकार पर निशाना
जोधपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के राज में शक्ल देखकर काम कराए जाते थे लेकिन हमारे शासन में सभी दो सौ विधानसभा क्षेत्रों में विकास हो रहा है। सीएम शुक्रवार को जोधपुर के रामलीला मैदान में पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव का उद्घाटन करने के बाद बोल रहे थे।
,उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को अपना हिसाब देख लेना चाहिए. जो काम उन्होंने पांच साल में नहीं किए, वे हमने दो साल में करवा दिए हैं।
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि वे बात अरावली की करते हैं, जबकि आपने तो भाटा, रेता तक नहीं छोड़ा. यहां तक कि नल की टोंटी तक खा गए. युवाओं के सपने खा गए। हमारा वादा है कि अरावली के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं होगी, लेकिन यह जरूर कहना चाहता हूं कि अरावली की यह परिभाषा किसने दी थी, किसने पट्टे जारी किए थे। सीएए का विरोध किया, लेकिन हमने यहां के ही विस्थापितों को पट्टे दिए हैं। एसआईआर का विरोध करते हैं लेकिन हम एक भी घुसपैठिए को नहीं रहने देंगे।
समारोह को उद्योग राज्यमंत्री केके विश्नोई, कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने भी संबोधित किया। इस दौरान लघु उद्योग भारती के संगठन मत्री प्रकाशचंद्र, अध्यक्ष घनश्याम ओझा सहित भाजपा के विधायक व संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 41 दिव्यांग स्कूटी वितरित की। दो एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाई।
उनका जादू अब चलने वाला नहीं
सीएम शर्मा ने गहलोत का नाम लेकर कहा कि वो पेपर घुमाकर बात करते हैं, मैं कहता हूं कि मेरे पास भी कई पेपर हैं। आज कल तो वो एक्स मास्टर बन रहे हैं। वो दुविधा में हैं कि वो क्या करें। उनका जादू चल गया, लेकिन अब चलने वाला नहीं है। अब वो कह रहे हैं कि इधर जाउं या उधर जाउं, लेकिन जो बोया है वो तो काटना ही पड़ेगा। हमारी सरकार संकल्प पत्र के साथ आई थी और उसके अनुरूप काम कर रही है।
कांसे के बर्तन में खाना अमृत जैसा
उन्होंने अपने भाषण में कहा कि मैंने यहां मेले में कांसे के बर्तन देखे। कांसे के बर्तन में भोजन अमृत हो जाता हैं, लेकिन हमारे घरों में अब स्टील हो गया है। हमें वापस इस ओर लौटना चाहिए।
