जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का काफिला आज दोपहर एबीवीपी के कार्यक्रम में शामिल होने जयपुर में ही सीतापुरा जा रहा था। जगतपुरा में 7 नंबर बस स्टैंड के पास से जब काफिला गुजरा, तो उसी समय एक युवक उनके काफिले में घुस गया। काफिले में सबसे आगे चल रही एस्कॉर्ट टीम ने युवक को रुकने का इशारा भी किया, लेकिन वह नहीं रुका और सड़क पार करके निकल गया। युवक मंदबुद्धि बताया जा रहा है, जिसे पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सुरक्षा में पिछले एक साल से बार-बार चूक की घटनाएं सामने आई हैं। 11 दिसंबर 2024 को जयपुर के जगतपुरा इलाके में जो हुआ, वह किसी भी संवेदनशील लोकतंत्र के लिए बेहद डराने वाला था। मुख्यमंत्री के काफिले में रॉन्ग साइड से आई एक टैक्सी घुस गई। ट्रैफिक रोक रहे एएसआई सुरेंद्र सिंह को टैक्सी ने टक्कर मारी, फिर काफिले की दो गाडिय़ों से टकराई। एएसआई की इलाज के दौरान मौत हो गई। एसीपी अमीर हसन समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए। टैक्सी ड्राइवर पवन की भी बाद में मौत हो गई। यह कोई मामूली हादसा नहीं था, बल्कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा में एक बड़ी चूक थी।
इसी दिसम्बर में दो दिन पहले भरतपुर जिले के सेवर क्षेत्र में भी एक सुरक्षा चूक सामने आई। मुख्यमंत्री गुरु संतरामदास महाराज की पार्थिव देह को श्रद्धांजलि देकर लौट रहे थे, तभी एक युवक सुरक्षा घेरा तोड़कर उनके करीब पहुंच गया। गनीमत रही कि सिक्योरिटी टीम ने समय रहते उसे पकड़ लिया।
31 जुलाई 2025 को मुख्यमंत्री जयपुर से फलोदी चार्टर प्लेन फाल्कन-2000 से गए थे। विमान को एयरफोर्स स्टेशन पर उतरना था, लेकिन पायलटों ने गलती से सिविल एयरस्ट्रिप पर लैंड करा दिया। बाद में गलती का एहसास हुआ और प्लेन को दोबारा उड़ाकर सही जगह उतारा गया। इनके अलावा 2025 में सीकर दौरे के दौरान काले झंडे दिखाना, बाइक सवारों का काफिले में घुस जाना जैसी घटनाएं भी रिपोर्ट हुईं।
सीएम का काफिला जा रहा था, आगे निकल गया युवक
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सुरक्षा में पिछले एक साल से बार-बार चूक की घटनाएं सामने आई हैं।
