जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश के किसान आधुनिक तकनीकों के माध्यम से स्मार्ट फार्मिंग कर कृषि निर्यात के क्षेत्र में अग्रणी बनें। इसी सोच के साथ आगामी वर्ष प्रदेश में किसानों के लिए ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 (ग्राम) का आयोजन किया जा रहा है। शर्मा ने अधिकारियों को ग्राम के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
शर्मा सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आगामी वर्ष में आयोजित होने वाले ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में नवाचार और आधुनिक तकनीक के माध्यम से नए आयाम स्थापित करने के साथ ही निवेश को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा आयोजन से देश-विदेश से आने वाले किसानों तथा विशेषज्ञों के अनुभव का लाभ भी प्रदेश के किसानों को मिलेगा।
बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन के सफल क्रियान्वयन के लिए कृषि, उद्यानिकी, डेयरी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता, सिंचाई सहित सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर काम करें। इसके लिए एक विभागीय क्लस्टर बनाया जाए। साथ ही, सचिव स्तर पर इसकी समीक्षा की जाए।
ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट में 50 हजार कृषक होंगे शामिल
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मीट का राज्य स्तरीय आयोजन तीन दिवसीय प्रस्तावित है जिसमें 50 हजार से अधिक किसान भाग लेंगे। इससे राजस्थान की कृषि क्षमताओं को अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा।
देश-विदेश के किसान एवं उद्यमी अनुभव करेंगे साझा
बैठक में बताया गया कि इस एग्रीटेक मीट में कृषि एवं पशुपालन से संबंधित प्रदर्शनी, बीटूजी और बीटूबी मीटिंग, किसान-वैज्ञानिक संवाद, क्रेता-विक्रेता मीटिंग तथा विभिन्न तकनीकी सत्र और कार्यशाला आयोजित किए जाएंगे। इनके माध्यम से देश-विदेश के किसान और कृषि उद्यमी स्मार्ट फार्मिंग, मार्केटिंग और प्रोसेसिंग से जुड़े अपने अनुभव एक-दूसरे से साझा करेंगे।
