– 9 हजार कांस्टेबलों को बांटे नियुक्ति पत्र
जयपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस सरकार में पेपर लीक की परंपरा थी जिसे भजनलाल शर्मा की सरकार ने खत्म किया। राजस्थान में दो साल में हर तरह के अपराध में कमी आई है। कानून-व्यवस्था और शांति के कारण प्रदेश का विकास होता है। आज निवेशक राजस्थान का रुख कर रहे हैं।
गृहमंत्री शाह शनिवार को राजस्थान पुलिस अकादमी में आरक्षक नव नियुक्ति समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने राजस्थान पुलिस में शामिल 9 हजार कांस्टबलों को नियुक्ति पत्र भी दिए। अमित शाह ने राम राम कहकर मंच से लोगों का अभिवादन किया। इस मौके पर रतनगढ़ (चूरू) थाना को राजस्थान का श्रेष्ठ थाना और देश में दसवां स्थान मिला है। अमित शाह ने आरपीए में एक इंडोर स्टेडियम का भी शिलान्यास किया।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, उप मुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, मुख्य सचिव वी श्रीनिवास, डीजीपी राजीव कुमार शर्मा, एसीएस गृह भास्कर ए सावंत और राजस्थान पुलिस अकादमी के निदेशक संजीब कुमार नार्जारी भी मौजूद रहे।
शाह ने कहा कि आज जिन्हें नियुक्ति मिली उनमें 2500 से ज्यादा महिला कांस्टेबल हैं। युवाओं को अपने दम पर बिना सिफारिश नौकरी मिली है। यह पारदर्शिता और भ्रष्टाचार का उन्मूलन का संकेत है व योग्यता का सम्मान है। प्रदेश तभी आगे बढ़ेगा, जब प्रतिभाएं आगे बढेंगी।
दो साल में कम हुई अपराध की दर
शाह ने कहा, राजस्थान में दो साल में अपराध में 14 फीसदी की कमी आई है. गंभीर प्रकृति के अपराध में 19 फीसदी की कमी आई है। महिलाओं, कमजोर वर्ग पर अत्याचार में की घटनाओं में भी कमी दर्ज की गई है। लूट में 51 फीसदी की कमी आई है। यह कमिटमेंट वाली सरकार है। नई भर्ती से पुलिस और ताकतवर होगी। राजस्थान पुलिस का सजा करवाने की दर 41 से बढकर 60 फीसदी हो गई है और जल्द ही यह 85 फीसदी होगी।
दो साल में पेपर लीक में चार सौ को गिरफ्तार किया
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि देश कुशल नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। पीएम मोदी की प्रेरणा से अमित शाह ने नक्सलवाद को खत्म किया है। औपनिवेशिक मानसिकता वाले पुराने कानूनों को खत्म किया। उन्होंने कहा कि आज का युग तकनीकी बदलाव का है। नव आरक्षी अपने आप को अपडेट रखें। साइबर क्राइम की चुनौती को देखते हुए राजस्थान साइबर क्राइम को-ऑर्डिनेशन सेंटर के गठन का भी उन्होंने एलान किया। उन्होंने कहा कि दो साल में पेपर लीक में शामिल 400 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
विकसित भारत के लक्ष्य में पुलिस का योगदान
इससे पहले डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि आरक्षक नव नियुक्ति समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी से नव नियुक्त आरक्षियों का हौसला बढ़ेगा। दस हजार में से 9 हजार कांस्टबलों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो चुकी है जिन्हें आज नियुक्ति पत्र दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नए कांस्टबलों की भर्ती से अपराध नियंत्रण और यातायात प्रबंधन में अहम मदद मिलेगी और विकसित भारत-2047 के सपने को साकार करने में पुलिस की अहम भूमिका होगी। उन्होंने बताया कि पिछले साल 10 हजार कांस्टबलों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई थी।
