जयपुर। सोलहवीं राजस्थान विधानसभा का पांचवा सत्र 28 जनवरी से शुरू होगा। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। लगभग एक महीने तक चलने वाले इस सत्र में राज्य का वर्ष 2026-27 का बजट भी पेश होगा। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बताया कि लगभग एक महीने तक यह सत्र चलेगा। सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी। इस सत्र में राज्य सरकार द्वारा राज्य का बजट भी पेश किया जाएगा।
देवनानी ने बताया कि सत्र के दौरान राज्य के विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों, विधायी कार्यों एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी। साथ ही प्रश्न, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, विशेष उल्लेख प्रस्ताव और स्थगन प्रस्ताव जैसे संसदीय कार्य भी संपादित होंगे। देवनानी विधान सभा के पंचम अधिवेशन से पूर्व विधान सभा में सर्वदलीय बैठक भी बुलाएंगे।
