भरतपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आध्यात्मिक गुरु भरतपुर के सेवर स्थित लुधावई हनुमान मंदिर के महंत राम दास महाराज का निधन हो गया। सीएम भजनलाल शर्मा उनके आखिरी दर्शन करने के लिए पहुंचे। महंत के शव को मुखाग्नि मंदिर परिसर में ही दी गई। सीएम भजन लाल शर्मा हर वर्ष गुरु पूर्णिमा पर अपने परिवार के साथ महंत के दर्शन करने और आशीर्वाद लेने मंदिर पर पहुंचते थे। महंत के निधन की खबर सुन सीएम ने सोशल मीडिया पर शोक जताते हुए एक पोस्ट भी किया।
सोशल मीडिया पर दी श्रद्धांजलि
सीएम ने सोशल मीडिया पर लिखा कि लुधावई मन्दिर के महंत, पूज्य गुरुदेव श्री श्री 1008 श्री महामंडलेश्वर श्री रामदास महाराज जी के देवलोक गमन का समाचार हृदय को अत्यंत पीड़ा पहुंचाने वाला है। उनके सानिध्य से मिली शिक्षा और आशीर्वाद सदैव स्मृतियों में जीवित रहेंगे। परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त शिष्यों, भक्तों और श्रद्धालुओं को इस अपार दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
