बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर राज्य की सत्ता संभाल ली। राज्यपाल आर.एन. रवि ने कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे। समारोह में भारी भीड़ और बीजेपी कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था।
राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की रही कि शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट से पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। प्रोटोकॉल के तहत ममता बनर्जी को भी शपथ समारोह का निमंत्रण भेजा गया था।
शुभेंदु अधिकारी के साथ दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, निसिथ प्रामाणिक, खुदीराम टुडू और अशोक कीर्तनिया ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
बताया जा रहा है कि 8 मई को अमित शाह ने कोलकाता पहुंचकर विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी के नाम का ऐलान किया था। इसके बाद शुभेंदु अधिकारी ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया।
विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 207 सीटों पर जीत दर्ज कर प्रचंड बहुमत हासिल किया, जबकि टीएमसी महज 80 सीटों पर सिमट गई। इसके साथ ही बंगाल में 15 साल पुरानी टीएमसी सरकार का अंत हो गया।
बड़ी बातें
- शुभेंदु अधिकारी बने पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री
- ब्रिगेड परेड ग्राउंड में हुआ भव्य शपथ ग्रहण समारोह
- पीएम मोदी और अमित शाह रहे मौजूद
- टीएमसी का 15 साल पुराना शासन खत्म
- बीजेपी को 207 सीटों के साथ प्रचंड बहुमत
