जयपुर। भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में चल रही कार्यकर्ता जनसुनवाई में बुधवार को एक अलग ही नजारा दिखाई दिया। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ कांग्रेस से जुड़ा एक कार्यकर्ता भी अपनी समस्या लेकर पहुंचा तो गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने उसका समाधान भी कराया।
दरअसल कार्यकर्ता सुनवाई में भरतपुर जिले के मैनापुरा-भुसावर के पूर्व सरपंच एवं कांग्रेस कार्यकर्ता सतीश पांडे भी अपनी परिवेदना लेकर भाजपा कार्यालय पहुंचे। सतीश पांडे ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में उनकी समस्याओं पर किसी ने ध्यान नहीं दिया, लेकिन उन्हें वर्तमान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उनकी सरकार की कार्यप्रणाली पर पूरा भरोसा है। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने सतीश पांडे की परिवेदना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर भुसावर क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता भी उनके साथ उपस्थित रहे। बुधवार को कार्यकर्ता सुनवाई के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि यह मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सोच और कार्यशैली का परिणाम है कि हर व्यक्ति को सुना जा रहा है, चाहे वह किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा हो। उन्होंने कहा कि सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि हर नागरिक की समस्या सुनी जाए और उसका समाधान किया जाए। बेढम ने कहा कि जनता के प्रति जवाबदेह होकर काम करना ही हमारी सरकार की प्राथमिकता है. यही कारण है कि अब विपक्ष के लोग भी अपनी समस्याओं को लेकर हम तक पहुंच रहे हैं।
पिछली कांग्रेस सरकार की अनियमितताएं सामने आना रुक ही नहीं रही
गृह राज्य मंत्री ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके शासनकाल की कई अनियमितताएं अब सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि ओएमआर शीट में हेरफेर कर शून्य और माइनस अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को मेरिट में शामिल किया गया, जिससे ईमानदारी से मेहनत करने वाले युवाओं के साथ अन्याय हुआ। वर्तमान भाजपा सरकार पेपर माफिया, भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है और भविष्य में भी किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
भाजपा की कार्यकर्ता सुनवाई में कांग्रेसी कार्यकर्ता की समस्या का समाधान
