जयपुर। राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार भी उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की तर्ज पर बुलडोजर एक्शन में है। चौमूं कस्बे में बीते दिनों हुए पुलिस पर पथराव की घटना के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी। जिले के चौमूं में धार्मिक स्थान के अतिक्रमण विवाद के बाद प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। पत्थरबाजों के घर पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान जब अतिक्रमण हटाया जा रहा था तो मलबे से एक एयर पिस्टल भी बरामद हुई है। हालांकि पिस्टल मिलने के मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि यह एयर पिस्टल है ऐसे में किसी तरह का कोई मामला नहीं बनता।
पहले नोटिस, जवाब नहीं आया तो कार्रवाई
चौमूं थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा के अनुसार बीते दिनों पुलिस ने 24 पत्थरबाजों के घरों पर नोटिस चस्पा कर दिया था और तीन दिन में जवाब देने के लिए कहा था। नोटिस की मियाद 31 दिसंबर को पूरी हो गई। ऐसे में शुक्रवार को नगर परिषद की टीम पत्थरबाजों के घर पर बुलडोजर चला रही है। प्रशासन और पुलिस ने चौमूं की पठान कॉलोनी में नोटिस जारी किए थे। प्रशासन और पुलिस ने 29 दिसम्बर को 20 अवैध बूचडख़ाने, 4 अवैध निर्माण को लेकर तीन दिन का नोटिस दिया था लेकिन इन अवैध निर्माणों को लेकर संबंधित लोगों ने नोटिस का जवाब नहीं दिया और न ही किसी तरह की कोई लीगल दस्तावेज प्रस्तुत किए, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस ने अवैध निर्माण ध्वस्त करने का निर्णय लिया।
ये था मामला
चौमूं कस्बे में 26 दिसंबर को सुबह उपजे तनाव के बाद स्थिति बिगड़ी गई थी. आधी रात को पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा, जिससे पत्थरबाजी शुरू हो गई थी। भीड़ ने पुलिस पर हमला किया था और स्थिति बिगड़ गई थी। पूरा मामला चौमूं मेन स्टैंड पर स्थित धार्मिक स्थान से अतिक्रमण हटाने से जुड़ा हुआ था। जिसके बाद अचानक माहौल बिगड़ गया और पत्थरबाजी शुरू हो गई थी, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे। जिसके बाद पत्थरबाजों को हिरासत में लिया गया। पत्थरबाजी के इस घटना में करीब 110 लोगों को डिटेन किया गया था, जिनमें से करीब 19 लोगों की अभी तक गिरफ्तारी हुई है उनसे हुई पूछताछ में भी 15 नाम निकले है जो फरार है।
सरकार सख्त संदेश: बैरवा
वहीं पूरे मामले को लेकर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखते हुए कहा है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को सख्त संदेश। चौमूं में उपद्रव फैलाकर शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रदेश की भजनलाल सरकार द्वारा की गई बुलडोजऱ कार्यवाही यह स्पष्ट करती है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। राजस्थान में शांति, सुरक्षा और सुशासन से समझौता नहीं होगा. उपद्रव, हिंसा और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर तत्काल व कठोर कार्रवाई सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता है सुशासन का संकल्प – अपराध पर प्रहार, आमजन को भरोसा।
