जयपुर में आज राज्य स्तरीय रोजगार मेला–2025 और क्रिसमस पर्व के अवसर पर शहर में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने जवाहर लाल मार्ग, गांधी सर्किल, बजाज नगर, मालवीय नगर और गौरव टावर क्षेत्र में विशेष यातायात प्रबंध लागू किए हैं। यातायात दबाव को नियंत्रित रखने और आमजन की सुरक्षा व सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है।
यातायात पुलिस के अनुसार, रोजगार मेले के दौरान यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में गांधी सर्किल से बजाज नगर तिराहा की ओर जाने वाला सामान्य यातायात गांधी नगर मोड़ होते हुए टोंक रोड अथवा रॉयल्टी तिराहा से झालाना मार्ग की ओर डायवर्ट किया जा रहा है।
इसी तरह बजाज नगर से गांधी सर्किल की ओर जाने वाले वाहन बजाज नगर थाना मार्ग और लवण मार्ग से होकर गुजरेंगे। आवश्यकता पड़ने पर पैदल मार्ग और न्याय पथ पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन अस्थायी रूप से बंद किया जा सकेगा।
यहां पार्किंग नहीं कर सकेंगे
इसके अलावा जे.डी.ए. चौराहा से बजाज नगर चौराहा, बजाज नगर चौराहा से टोंक पुलिया, रामबाग चौराहा से किसान मार्ग तक टोंक रोड, गांधी नगर मोड़ से गांधी सर्किल और रॉयल्टी तिराहा तक और जवाहर कला केंद्र के पीछे की सड़क पर किसी भी प्रकार के वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित है।
जे.एल.एन. मार्ग पर गांधी सर्किल से बजाज नगर तिराहा तक आवश्यक सेवाओं के वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी है।
मुख्य मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग पर रोक रहेगी, जबकि आपातकालीन और आवश्यक सेवाओं के वाहनों को इन प्रतिबंधों से मुक्त रखा गया है। यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि 25 दिसंबर को इन आयोजनों के दौरान असुविधा से बचने के लिए ऑप्शनल मार्गों का उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें।
