शहर के अस्पताल ने बेहद चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन कर बचाई युवक की जान
जयपुर। मानसिक रूप से बीमार एक युवक दो लोहे के पाने और सात टूथब्रश निगल गया। तेज पेट दर्द की शिकायत पर शहर के एक निजी अस्पताल में दिखाया और सोनोग्राफी कराई तो चिकित्सक भी चौंक गए। डॉक्टर्स ने जटिल ऑपरेशन कर मरीज की जान बचाई।
भीलवाड़ा से आए इस युवक के पेट में तेज दर्द था. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एंडोस्कोपी की गई। इसमें सामने आया कि ये नुकीली और सख्त वस्तुएं आमाशय की दीवार तक पहुंच चुकी थीं और किसी भी समय गंभीर नुकसान कर सकती थीं। ऐसे में एंडोस्कोपी से इन्हें निकालना संभव नहीं था। इसके बाद ओपन ऑपरेशन का निर्णय लिया गया। ऑपरेशन के दौरान मरीज के पेट से दो लोहे के पाने और सात टूथब्रश निकाले गए। समय पर की गई इस शल्य क्रिया से मरीज की जान बचाई जा सकी।
न खाने योग्य वस्तुएं भी निगल लेता था
चिकित्सकों के अनुसार मरीज मानसिक समस्या से ग्रस्त था, जिसके कारण वह खाने योग्य न होने वाली वस्तुएं भी निगल लेता था। ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है। ऑपरेशन करने वाले चिकित्सकों की टीम के अनुसार यह मामला चिकित्सकीय दृष्टि से बेहद चुनौतीपूर्ण था. समय पर सही जांच, अनुभवी चिकित्सक और समर्पित चिकित्सा टीम के कारण मरीज को नया जीवन मिला।
