जयपुर। उपमुख्यमंत्री तथा पर्यटन मंत्री दिया कुमारी के मुख्य आतिथ्य में तथा पूर्व विधायक निर्मल कुमावत, अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर, आशीष कुमार, सांभर एसडीएम, ऋषि राज कपिल, पर्यटन विभाग के उपनिदेशक उपेन्द्र सिंह शेखावत की उपस्थिति में राजस्थान पर्यटन विभाग एवं जयपुर जिला प्रशासन तथा सांभर नगर पालिका के सयुंक्त तत्वाधान में शनिवार को पांच दिवसीय सांभर महोत्सव का शुभारम्भ किया गया। दिया कुमारी ने इस अवसर पर डाक कार्ड का विमोचन भी किया। उन्होंने पतंग प्रदर्शनी एवं फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
सांभर की विशिष्ट पहचान इसका अद्वितीय प्राकृतिक सौंदर्य
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष फेस्टिवल का आयोजन और भी बड़े स्तर पर किया जा रहा है तथा अगले वर्ष यह और भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सांभर फेस्टिवल ने अब वैश्विक पर्यटन मंच पर अपनी अलग पहचान बना ली है। सांभर अब ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनता जा रहा है। सर्दियों में यूरोप और उत्तरी एशिया से आने वाले विभिन्न प्रजाति के पक्षी, विशेषकर ग्रेटर फ्लेमिंगो, सांभर को वैश्विक पहचान दिलाते हैं।
सांभर महोत्सव के मुख्य आकर्षण
विभिन्न कला और शिल्प स्टालों, फोटोग्राफी प्रदर्शनी और फूड कोर्ट के साथ ही सांभर महोत्सव में फैंसी एवं आकर्षक पतंग प्रदर्शनी एवं विशेष पतंग उड़ान गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। घोड़े की सवारी, ऊंट की सवारी और ऊंट गाड़ी की सवारी की गतिविधियों का पर्यटक आनंद लेते हुए दिखाई दिए। मेले में पैरा सेलिंग, पैरा मोटरिंग, पैरा ग्लाइडिंग, जीप सफारी, एटीवी, बैलून राइड, साइकिलिंग जैसी गतिविधियों में पर्यटक शामिल होते हुए दिखे। इस अवसर पर लोक कलाकारों द्वारा शानदार कलात्मक प्रदर्शन किया गया।
