जयपुर। प्रदेश की अनुसूचित जाति की सबसे बड़ी पंचायत मानी जाने वाली डॉ. अम्बेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसाइटी जयपुर की कार्यसमिति के चुनाव 4 जनवरी को संपन्न होंगे। चुनाव को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है।
चुनाव अधिकारी रिटायर्ड आईएएस जे.पी. विमल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस चुनाव में लगभग 75,000 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारु मतदान के लिए कुल 90 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि मानवता पब्लिक स्कूल, इंद्रा नगर, झालाना डूंगरी, जयपुर में एक विशेष पोलिंग बूथ स्थापित किया गया है, जहां प्रदेश का कोई भी मतदाता मतदान कर सकता है। चुनाव अधिकारी ने स्पष्ट किया कि व्हाट्सएप ग्रुप्स में चुनाव स्थगन अथवा अन्य किसी प्रकार की फैलायी जा रही खबरें कोरी अफवाह हैं। उन्होंने मतदाताओं से ऐसी भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न देने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि आचार संहिता लागू होने के बाद सोसाइटी के पूर्व पदाधिकारियों द्वारा जारी किए जा रहे किसी भी प्रकार के चुनाव संबंधी आदेश पूर्णत: अवैध हैं और उनका कोई कानूनी आधार नहीं है। मतदान का समय प्रात: 8 बजे से सायं 5 बजे तक निर्धारित है। चुनाव अधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों से भ्रमित न हों और अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाएं।
