जयपुर। विधानसभा में खनन से जुड़े सवाल वापस लेने के बदले 20 लाख रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के विधायक जयकृष्ण पटेल बुधवार को विधानसभा की सदाचार कमेटी के सामने पेश हुए और अपना पक्ष रखा। मामले की जांच कर रहे एसीबी अधिकारी संदीप सारस्वत भी कमेटी के समक्ष उपस्थित हुए और अब तक की जांच का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।
सदाचार कमेटी के अध्यक्ष कैलाश वर्मा सहित अन्य सदस्यों ने विधायक पटेल और जांच अधिकारी से मामले पर विस्तार से सवाल-जवाब किए। फिलहाल जयकृष्ण पटेल इस प्रकरण में जमानत पर हैं। एसीबी ने 4 मई 2025 को पटेल को 20 लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।
अगले सप्ताह दाखिल होगी चार्जशीट
मामले के जांच अधिकारी संदीप सारस्वत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सदाचार कमेटी ने सबूतों के संबंध में जानकारी मांगी थी, जिसे हमने उपलब्ध कराया और अपना पक्ष रखा। हम अगले सप्ताह पूरी चार्जशीट दाखिल कर देंगे। इसमें विधायक के अलावा अन्य आरोपी भी शामिल हैं, उनके खिलाफ भी चार्जशीट पेश की जाएगी। कमेटी की बैठक के बाद सभापति कैलाश वर्मा ने कहा कि अभी भी जांच जारी है और जांच से जुड़े हुए तथ्य जो इस आरोप के बाद सामने आए हैं, उन सभी तथ्यों की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि विधायक पर बहुत ही गंभीर आरोप लगे हैं। 6 मई 2024 को एफआईआर दर्ज हुई थी।
सवाल के बदले घूस: बाप विधायक ने सदाचार कमेटी के समक्ष रखा पक्ष
20 लाख रुपए रिश्वत लेने का मामला
