जयपुर/जोधपुर। मंगलवार का दिन राजस्थान के लिए बहुत अमंगलकारी साबित हुआ। दो धार्मिक यात्राओं पर निकले सात लोगों की सड़क हादसों में मौत हो गई जबकि दर्जनों घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार जोधपुर जिले में रामदेवरा के दर्शन कर गुजरात लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बस और एक ट्रेलर के बीच आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। इसमें 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी यात्री गुजरात के अरवल्ली जिले के रमाना रूपण गांव के निवासी थे। हादसा जोधपुर-जैसलमेर नेशनल हाईवे पर केरू गांव के पास मुलानाडा रॉयल्टी नाके के निकट मंगलवार शाम करीब 4.30 बजे हुआ। पुलिस और ग्रामीणों के अनुसार, बस और ट्रेलर की तेज रफ्तार के कारण यह भयानक टक्कर हुई, जिससे बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बस में 20 यात्री सवार थे, जो बाबा रामदेव (रामदेवरा, जैसलमेर) के दर्शन करके अपने गांव गुजरात लौट रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के कई हिस्से उखड़ गए और यात्री बस के अंदर फंस गए। ग्रामीणों और पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। घायलों को बस से बाहर निकालकर एम्बुलेंस की मदद से जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल पहुंचाया गया।
झपकी आने से कार कंटेनर में घुसी
राजधानी जयपुर के एक्सीडेंट जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे-48 पर चंदवाजी थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर घायल हो गए। जानकारी के अनुसर एक कार खड़े कंटेनर में जा घुसी जिसमें कार सवार मां-बेटे और बहू की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार सवार 7 लोग गंभीर घायल हुए हैं। इनमें बच्चे और महिलाएं शामिल हैं। एक्सीडेंट जयपुर-दिल्ली नेशनल हाइवे-48 पर चंदवाजी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह 11 बजे हुआ। हादसा चंदवाजी पुलिया से एक किलोमीटर पहले हाइवे पर बिलपुर में हुआ। सुबह करीब 11 बजे जयपुर की ओर से एक कार दिल्ली की तरफ जा रही थी। कार में महिला-बच्चों सहित 8 जने सवार थे। हाइवे पर किनारे खड़े कंटेनर में अचानक आउट ऑफ कंट्रोल होकर कार पीछे से घुस गई। कार में फंसे घायलों को गंभीर हालत में निम्स हॉस्पिटल भिजवाया। जहां डॉक्टर्स ने वाराणसी के डिबुलगंज की रहने वाली पूजा सिंह पत्नी विवेक कुमार, बसंती पत्नी हरिशंकर, विवेक कुमार पुत्र हरिशंकर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार कार सवार परिवार खाटूश्यामजी के दर्शन कर वापस लौट रहा था। आशंका है कि ओवर स्पीड के साथ ही कार ड्राइवर को झपकी आने से हादसा हुआ है। दुर्घटना के बाद एनएच-48 पर लंबा जाम लग गया। करीब आधा घंटे तक दोनों ओर गाडिय़ों की लाइन लगी रही। धीरे-धीरे दोनों ओर के ट्रैफिक को निकाला गया।
मंगल को अमंगल
मातम में बदली धार्मिक यात्राएं, दो हादसों में सात की मौत
