कब: 2 जनवरी से 15 जनवरी तक रहेगा प्रतिबंध, आदेश नहीं मानने पर होगी कार्रवाई
क्यो: आर्मी डे की तैयारियों के चलते कम ऊंचाई पर उड़ेंगे विमान
जयपुर। पतंगबाजी के लिए मशहूर जयपुर के पतंगबाजों के लिए बुरी खबर है। जयपुर में सेना दिवस को लेकर 13 दिनों तक पतंग उड़ाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इस दौरान जयपुर में कम ऊंचाई पर वायु सेना के विमान उड़ेंगे और दुर्घटना के खतरे को देखते हुए पुलिस आयुक्तालय ने ये आदेश जारी किया है।
प्रतिबंध 2 जनवरी 2026 से 15 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगा। हालांकि इस दौरान कुछ घंटों पतंगबाजी की सुविधा मिलेगी। कुछ दिनों में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक और कुछ तिथियों में सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक पतंग उड़ाने पर रोक रहेगी। सेना दिवस, 15 जनवरी को सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक भी यह प्रतिबंध लागू रहेगा।
एसीपी (लॉ एंड ऑर्डर) और कार्यपालक मजिस्ट्रेट डॉ. राजीव पचार के अनुसार सेना दिवस के दौरान महल रोड, हरे कृष्णा मार्ग, जगतपुरा क्षेत्र में फ्लाई-पास्ट अभ्यास किया जाएगा, जिसमें विमान बहुत कम ऊंचाई पर उड़ान भरेंगे। अभ्यास के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसी को ध्यान में रखते हुए परेड स्थल के पांच किलोमीटर के परिधि क्षेत्र में पतंग उड़ाने पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है।
पतंग उड़ाते पकड़े गए तो कड़ी कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जयपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सेना दिवस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें, निर्धारित अवधि के दौरान पतंग न उड़ाएं और आदेश का पूरी तरह से पालन करें।
