जयपुर। ऊर्जा संरक्षण की अलख जगाने और जनमानस को सतत विकास की दिशा में प्रेरित करने वाले वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश चंद्र शर्मा को राजस्थान सरकार के उपक्रम राजस्थान रिन्यूएबल एनर्जी कॉर्पोरेशन लिमिटेड (RRECL) द्वारा आयोजित RECA-2025 के अंतर्गत सम्मानित किया गया।
मंगलवार को कॉन्स्टिट्यूशनल क्लब ऑफ राजस्थान के ऑडिटोरियम में आयोजित गरिमामय समारोह में राज्य के ऊर्जा मंत्री हीरा लाल नागर एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव (ऊर्जा) अजिताभ शर्मा ने चयनित प्रतिभागियों को RECA-2025 अवार्ड प्रदान किए। इसी कड़ी में करौली के हिंडौन निवासी वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश चन्द्र शर्मा ,अलवर कलेक्टर आर्तिका शुक्ला को भी RECA-2025 अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस अवॉर्ड कार्यक्रम में प्रदेश की कई हस्तियों को भी सम्मानित किया गया।
इस दौरान ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने ऊर्जा बचत हेतु नवाचार की आवश्यकता करने एवं लोगों को इस हेतु जागरूक करने की आवश्यकता पर बल दिया। तथा अतिरिक्त मुख्य सचिव अजिताभ शर्मा ने बताया कि ऊर्जा क्षेत्र में आज हमारा प्रदेश अव्वल है।और आमजन को भी ऊर्जा बचत के बारे में भी जागरूक होना चाहिए। जिससे कि हम आने वाले कल के लिए ऊर्जा की बचत के बारे में सोच सके। शर्मा ने कहा कि अब विशेष कार्यों के लिए प्रति वर्ष पुरस्कार समारोह आयोजित कर पात्र लोगों,संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम के अध्यक्ष एवं प्रबन्धक निदेशक डॉ. रोहित गुप्ता, प्रबंध निदेशक अजमेर डिस्कॉम केपी वर्मा, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक RVUNL देवेंद्र श्रृंगी एवं विशेषाधिकारी अक्षय ऊर्जा निगम नवीन शर्मा आदि उपस्थित रहे।
