जयपुर। राजस्थान के लगभग 100 युवा प्रतिभागी 9 से 12 जनवरी के दौरान नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने जा रहे विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 का हिस्सा बनेंगे। प्रधानमंत्री इस अवसर पर चयनित प्रस्तुतियों का अवलोकन करेंगे और शीर्ष निबंधों के एक विशेष संकलन का विमोचन करेंगे। प्रधानमंत्री का संबोधन युवाओं को वर्ष 2047 तक एक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के लिए प्रेरित करेगा। आयोजन के दौरान भारत मंडपम में विभिन्न मंत्रालयों द्वारा एक विशेष विकसित भारत प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।यह जानकारी भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के माय भारत, जयपुर के राज्य निदेशक कृष्ण लाल ने दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 जनवरी को कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
राज्य निदेशक ने प्रेस वार्ता में बताया कि इसमें युवाओं को देश की प्रमुख हस्तियों के साथ संवाद करने का अवसर मिलेगा। युवा महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन 10 जनवरी को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की उपस्थिति में होगा। चार दिनों के दौरान युवाओं को पुलेला गोपीचंद, लिएंडर पेस, हरमनप्रीत कौर, श्रीधर वेम्बू और इसरो के गगनयात्रियों, ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला व प्रशांत बालकृष्णन नायर जैसी प्रमुख हस्तियों से संवाद करने का अवसर मिलेगा।
पारंपरिक ट्रैक के तहत 677 जिलों से चुने गए 954 प्रतिभागी लोक नृत्य, संगीत, कविता और पेंटिंग के माध्यम से भारत की विविधता को प्रदर्शित करेंगे। तकनीकी मोर्चे पर हैक फॉर सोशल कॉज और डिजाइन फॉर भारत जैसे नए ट्रैक युवाओं की नवाचार क्षमता को प्रदर्शित करेंगे।
जयपुर से आज जाएगा दल
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 कार्यक्रम के विभिन्न ट्रैक के लिए चयनित राजस्थान के लगभग 100 युवा प्रतिभागियों का दल जयपुर से गुरुवार को रवाना होगा। इस दल को सैंड ऑफ सेरेमनी कार्यक्रम में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ संवाद के उपरांत हरी झंडी दिखा कर रवाना किया जाएगा।
